
भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाड़ी प्रियम गर्ग का कहना है कि कप्तानी और बल्लेबाजी में वह टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नक्शेकदम पर चलते हैं। भारत को विश्व विजेता बनाने वाले धोनी को कई युवा क्रिकेटर अपना रोल मॉडल मानते हैं। टीम के साथी खिलाड़ी भी धोनी के मैदान में संयम रखने के कायल हैं। प्रियम की कप्तानी में भारतीय टीम इस साल जनवरी में अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में पहुंची थी।
प्रियम ने कहा कि मैं धोनी सर को फॉलो करता हूं। वह मेरे प्रेरणास्रोत्र हैं। बल्लेबाजी या कप्तानी में मैं उनके नक्शेकदम पर चलता हूं। मैंने धोनी सर से विपरीत परिस्थिति में भी संयम रखना सीखा है। उन्होंने कहा कि मैं धोनी सर के बल्लेबाजी वीडियो बहुत ध्यान से देखे हैं और उनसे काफी कुछ सीखा है। मैं हमेशा उनके मैच के वीडियो देखता हूं जिसमें वह अपनी कप्तानी, बल्लेबाजी और फील्डिंग सजाने के कौशल से मैच का पासा पलट देते हैं।
प्रियम गर्ग ने साल 2018 में गोवा के खिलाफ रणजी पदार्पण में किया था, जिसमें उन्होंने शतक जड़ा था। अंडर-19 में भारत की कप्तानी करते हुए इंग्लैंड में वनडे ट्रॉफी का खिताब भी जीता। यहां आखिरी गेंद पर प्रियम गर्ग ने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया था। इसके अलावा भारत दौरे पर आई अंडर-23 बांग्लादेश टीम के खिलाफ की भारतीय अंडर-23 टीम की कप्तानी भी प्रियम गर्ग ने ही की।