
शहर में दो घंटे के अभियान में 22 लोगों का चालान काटा गया। ये लोग बगैर मास्क पहने सड़क पर निकले थे। सभी से पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिले में बढ़ते कोरोना के प्रकोप को देखते हुए डीसी के आदेश पर शुक्रवार को शहर भर में अभियान चलाया गया। दोपहर में रणधीर वर्मा चौक पर सिटी एसपी आर रामकुमार ने मोर्चा संभाला। इस मौके पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजेश्वर प्रसाद वर्मा भी मौजूद थे। चौराहे के चारों ओर आने-जाने वाले प्रत्येक लोगों की जांच की गई। लगातार दो घंटे चले अभियान में 22 लोगों को बगैर मास्क के पकड़ा गया। सभी से जुर्माना वसूला गया। साथ ही हिदायत भी दी गई। अभियान के दौरान सिटी एसपी आर रामकुमार ने कोरोना से संबंधित लोगों को जागरूक भी किया। मास्क और सेनेटाइजर की महत्ता बताई। ट्रैफिक इंस्पेक्टर आर राम कुमार ने कहा शुक्रवार को अभियान के पहले दिन दो घंटे हैं अभियान चल पाया क्योंकि इसके तुरंत बाद बारिश आ गई, जो देर शाम तक जारी रही। शनिवार से जिलेभर में व्यापक रूप से अभियान चलाया जाएगा।