जैनामोड़ स्थित होटल आर्यन इंटरनेशल में रविवार को ऑल इंडिया माइंस फेडरेशन इंटक कार्यकारिणी की बैठक हुई। एके झा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लाए गए प्रस्ताव के बाद इंटक के राष्ट्रीय सचिव कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप को राष्ट्रीय फेडरेशन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इसके पूर्व फेडरेशन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह थे। उनके निधन के बाद स्थान रिक्त था। बैठक में राजेंद्र सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया गया। उपाध्यक्ष ओपी लाल, मन्नान मल्लिक, सुरेश नंदा, ब्रिजनन्द सिंह, श्यामलाल झा, गिरिजा शंकर पांडेय, चंडी बनर्जी, जामा साहेब, बीरेंद्र प्रसाद अम्बाअस्त, महेंद्र विश्वकर्मा, मोहन महतो,योगेश प्रसाद, चरखा खान ने प्रस्ताव का समर्थन किया। सदन में मोबाइल पर जी संजीवा रेड्डी, सुभाग्या प्रधान, हेमंत प्रधान ने कुमार जयमंगल सिंह को अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। जयमंगल को 23 अगस्त 2021 तक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
जियमंगल सिंह उर्फ अनूप को राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन का अध्यक्ष बना सियासी विरासत संभालने की जिम्मेदारी मिली है। कोल सेक्टर से जुड़े फेडरेशन के 400 से अधिक प्रतिनिधियों की बैठक में आरसीएमएस महामंत्री ने एके झा ने कहा कि अनूप फेडरेशन अध्यक्ष के साथ बेरमो उपचुनाव में कांग्रेस गठबंधन के स्वाभाविक उम्मीदवार की अहर्ता रखते हैं। इसके लिए कांग्रेस आलाकमान से अपील भी की गई है। ंराजेंद्र प्रसाद सिंह फेडरेशन के अध्यक्ष थे। उनका कार्यकाल अगस्त 2021 तक था। रविवार को बोकारो में हुई बैठक में राजेंद्र प्रसाद सिंह के शेष कार्यकाल तक अनूप को अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई है। जीवित रहते राजेंद्र सिंह ने अनूप सिंह को फेडरेशन का महासचिव पद दिया था। इस कारण भी अनूप की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की राह आसान हुई। दूसरी तरफ राजेंद्र सिंह के श्राद्ध के तुरंत बाद बैठक होने से अनूप सिंह को सहानुभूति का लाभ भी मिला। मालूम हो राजेंद्र प्रसाद सिंह इंटक की राष्ट्रीय कमेटी, फेडरेशन और आरसीएमएस सब जगह मजबूत दखल रखते थे। कोयले की सियासत में उनके नेतृत्व को चुनौती देने वाला इंटक में दूसरा नेता नहीं था।