पटना । बिहार में आज हत्याओं का रविवार है। सुबह में ही सिवान में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। उधर, हाजीपुर में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है। उनमें एक का शव मिल चुका है, दूसरे की खोज की जा रही है। रविवार की सबसे बड़ी वारदात बेगूसराय में एक भारतीय जनता पार्टी नेता की सरेआम हत्या की हुई।
बेगूसराय में बीजेपी नेता की सरेआम हत्या से सनसनी
रविवार की सुबह बेगूसराय के मटिहानी स्थित कैथमा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नेता धीरज भारद्वाज को अपराधियों ने सरेआम गाेलियों से भून डाला। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के क्रम में घायल दो अन्य लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक बीजेवाइएम के पूर्व जिलाध्यक्ष थे। स्वजनों के अनुसार वारदात के पीछे चुनावी रंजिश है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सिवान में गोली मारकर हत्या, वारदात के खिलाफ जनाक्रोश
मिली जानकारी के अनुसार सिवान के नौतन स्थित पचलखी गांव निवासी विश्वनाथ पाठक व उनकी पत्नी को देर रात गोली मार दी गई। विश्वनाथ पाठक की मौत हो गई। जबकिख् पत्नी की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वारदात तब हुई जब वे अपने घर में सोए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी है। लोगों का आक्रोश पुलिस के खिलाफ है। मृतक पेशें से अमीन थे। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
रास्ते के विवाद में पड़ोसी की हत्या, चार आरोपित गिरफ्तार
किशनगंज में रास्ते के विवाद में पड़ोसी की हत्या कर दी गई। वारदात किशनगंज टाउन थाना अंतर्गत कच्चूबाड़ी गांव में हुई। पुलिस ने घटना के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
हाजीपुर में धारदार हथियार से दो की हत्या, एक शव बरामद
उधर, हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के समीप रेल लाइन के किनारे धारदार हथियार से हत्या कर फेंका गया एक अधेड़ का शव मिला। मृतक की पहचान बिदुपुर थाने के कंचनपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह के रूप में की गई है। वे शनिवार शाम से लापता थे। उनके साथ घर से निकला दूसरा व्यक्ति राजकुमार साह लापता है। लोगों को शक है कि उसकी भी हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के दिघी कलां पूर्वी निवासी आरोपित राजीव कुमार के घर से खून से सना हंसिया तथा कुछ कपड़े बरामद किए हैं। इस सिलसिले में दो महिलाएं भी हिरासत में ली गई हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपित राजीव कुमार ने कंचनपुर निवासी राजकुमार साह और उसके संपर्क के लोगों से रेलवे के ग्रुप डी में नौकरी लगाने के नाम 50 लाख से अधिक रुपये ले रखे थे। राजकुमार साह के द्वारा पैसे की मांग किये जाने के बाद आरोपित राजीव ने शनिवार की शाम राजकुमाकर साह को अपने घर पर बुलाया था। राजकुमार साह अपनी बुलेट बाइक से अपने गांव के राजकुमार सिंह के साथ शनिवार की शाम राजीव के यहां गया था। पुलिस और ग्रामीणों को शक है कि राजकुमार साह की भी हत्या कर शव गायब कर दिया गया है। पुलिस उसके शव की खोज कर रही है। राजकुमार साह की बुलेट भी गायब है।