ब्राजील में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। ब्राजील ने संक्रमित लोगों की संख्या के मामले में फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। ब्राजील में यह संख्या एक लाख 92 हजार हो गई है। जबकि फ्रांस में एक लाख 78 हजार लोग कोरोना से पीड़ित हैं। फ्रांस में करीब दो माह बाद दंत चिकित्सकों को क्लीनिक खोलने की अनुमति दे दी गई है। जबकि ब्राजील की सरकार ने बताया कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान 11 हजार 385 नए मामले पाए गए। कोरोना महामारी के चलते इस देश की अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गई है।
इधर रूस में कोरोना वायरस के तेज गति से आ रहे मामलों में 12 दिनों बाद गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान नौ हजार 974 नए मामले पाए गए। गत दो मई के बाद पहली बार दस हजार से कम नए मामलों की पुष्टि हुई। रूस में कोरोना से पीड़ित होने वाले लोगों की तादात ढाई लाख के पार पहुंच गई है। रूस में कोरोना महामारी से निपटने के लिए गठित रिस्पांस सेंटर ने गुरुवार को बताया कि देश में 93 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2305 हो गई है। जबकि दो लाख 52 हजार 245 लोग संक्रमित हैं। रूस में राजधानी मॉस्को महामारी का केंद्र बना हुआ है। मॉस्को समेत लगभग पूरे देश में महामारी की रोकथाम के लिए तमाम उपाए किए गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया में छह लाख लोगों ने गंवाई नौकरी
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना महामारी के चलते कारोबार बंद होने के चलते गत अप्रैल में करीब छह लाख लोगों की नौकरी चली गई। प्रधानमंत्री स्कॉट मौरिसन ने देश में पाबंदियों में तीन चरणों में ढील देने की योजना का एलान किया है। ऑस्ट्रेलिया में करीब सात हजार लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील देगा सिंगापुर
सिंगापुर में गुरुवार को 752 नए मामले पाए गए। इन्हें लेकर संक्रमित लोगों की संख्या 26 हजार 98 हो गई है। पीडि़तों में भारतीयों समेत विदेशी कामगारों की बड़ी संख्या बताई जाती है। सिंगापुर के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि पाबंदियों में धीरे-धीरे ढील दी जाएगी।
सामूहिक नमाज की इजाजत देगा मलेशिया
मुस्लिम बहुल मलेशिया में शुक्रवार से मस्जिदों में सामूहिक नमाज की छूट रहेगी। यह कदम ईद पर्व के मद्देनजर उठाया गया है। सरकार ने महामारी की रोकथाम के लिए तमाम पाबंदियों का एलान किया था। अब इनमें ढील दी जा रही है। मलेशिया में अब तक छह हजार 819 लोग संक्रमित पाए गए है।
कोरोना संक्रमण से जुड़े मुख्य बिंदु
-नेपाल में तीन नए मामलों के साथ पीड़ितों की संख्या बढ़कर 246 हुई
-स्पेन में मरने वालों की संख्या फिर बढ़ी, एक दिन में 217 की जान गई
-दक्षिण कोरिया में क्लबों से संक्रमण फैलने में 35 हजार लोगों के टेस्ट किए गए
-जापान में सात अप्रैल को घोषित राष्ट्रीय आपातकाल से कई क्षेत्रों को राहत दी गई
सबसे प्रभावित देश
देश मौत संक्रमित
अमेरिका 85,333 14,33,352
ब्रिटेन 33,614 233,151
इटली 31,106 2,22,104
स्पेन 27,321 2,72,646
फ्रांस 27,074 1,78,060
ब्राजील 13,276 1,92,081
जर्मनी 7,861 174,098
ईरान 6,854 1,14,533
तुर्की 3,952 1,43,144
रूस 2,305 2,52,245