करौं के चोपकियारी गांव में शनिवार की सुबह पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका नवविवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय नंदिनी की शादी 2 मई को ही काली मंदिर में इसी गांव के घनश्याम राय के साथ हुई थी। दोनों में एक साल से प्रेम-प्रसंग चलने की बात बताई गई। इसकी भनक लगते ही पंचायत कर ग्रामीणों ने गांव के मंदिर में विधिवत शादी करा दी। बताया जाता है कि शादी के बाद लड़का पक्ष ने लड़की को अपनाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नंदिनी मायके में ही घनश्याम के साथ रह रही थी। शुक्रवार रात को नंदिनी अचानक गायब हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन खोजबीन में जुट गए। शनिवार सुबह युवती का शव गांव में ही एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर एएसआई मो. कलाम पहुंचे व शव को नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा गया है। इधर, मृतका का पति समेत गांव के चार युवक फरार बताए जा रहे हैं। इसको लेकर कई तरह की आशंका जताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतका की मां शकुंतला देवी के लिखित बयान पर थाना में हत्या का मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी थी। थाना प्रभारी हुसैन मियां ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।