लॉकडाउन में बंद सरकारी स्कूलों के बच्चों को अब दूरदर्शन के माध्यम से भी डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराए जाएंगे। 11 मई से यह व्यवस्था 10 जून तक चलेगी। इसके लिए बुधवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद और दूरदर्शन के बीच करार हुआ। जेईपीसी के राज्य परियोजना निदेशक उमाशंकर सिंह और दूरदर्शन के प्रतिनिधियों के बीच यह एकरारनामा हुआ।
छात्रों के लिए सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन तीन घंटे तक दूरदर्शन पर डिजिटल कंटेंट का प्रसारण होगा। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर एक बजे से दो बजे तक प्रसारण किया जाएगा। दूरदर्शन हर दिन एक घंटे का प्रसारण नि:शुल्क करेगा, जबकि दो घंटे के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद से 12 हजार और 18 प्रतिशत जीएसटी के साथ 14,160 रुपए प्रतिदिन के आधार पर लेगा। एक महीने में 2,83,200 रुपए का भुगतान दूरदर्शन को किया जाएगा।
दूरदर्शन को कंटेंट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जेईपीसी ने डॉ अभिनव कुमार और जेसीईआरटी के कीर्तिवास कुमार को दी है। दूरदर्शन निदेशक से भी नोडल पदाधिकारी मनोनीत करने की मांग की गई है। जेईपीसी के निदेशक उमाशंकर सिंह ने डिजिटल कंटेंट तैयार कराने के लिए छह लोगों की तकनीकी समिति भी गठित की है।
10वीं और 12वीं के लिए प्रसारण किया जाएगा
छठी से नौवीं और 11वीं कक्षा के लिए प्रसारण
पहली से पांचवी के लिए प्रसारण किया जाएगा
यूनिसेफ द्वारा तैयार मीना मंच और जीवन कौशल आधारित प्रसारण