गिरिडीह जिला बुधवार को ऑरेंज जोन से ग्रीन जोन में शामिल हो गया। इसके साथ ही राज्य में ग्रीन जोन में शामिल जिलों की संख्या 13 हो गई है। गिरिडीह में 13 को मिला मरीज बुधवार को ठीक हो गया। वहीं कोडरमा में 10 अप्रैल को मिला मरीज मंगलवार को ठीक हो गया।
पिछले सप्ताह ही कोरोना मुक्त हो चुके धनबाद और हजारीबाग भी ग्रीन जोन में पहुंचने के रास्ते पर हैं। यदि धनबाद में चार दिन और हजारीबाग छह दिन तक कोई संक्रमित मरीज नहीं मिलता है तो ये दोनों जिले ग्रीन जोन में शामिल हो जाएंगे। वहीं मंगलवार को दो मरीज मिलने के साथ ही दुमका ग्रीन जोन से ऑरेंज जोन में चला गया है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि यदि किसी जिले में 21 दिनों तक कोई मरीज नहीं मिलता है तो वह ग्रीन जोन में शामिल हो जाएगा। लेकिन इसके लिए पुराने मरीजों का ठीक होना भी जरूरी है। यानी जिले में एक भी एक्टिव केस नहीं होना चाहिए।
रांची रेड जोन में और ऑरेंज जोन में 10 जिले: राज्य के 13 जिलों में अब तक कोरोना के 127 मरीज मिल चुके हैं। हिंदपीढ़ी में लार्ज आउट ब्रेक के बाद राज्य का एक मात्र जिला रांची रेड जोन में है। यहां अब तक 93 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 21 मरीज ठीक हो चुके हैं। दुमका के साथ 10 जिले ऑरेंज जोन में हैं। कोडरमा और गिरिडीह के ऑरेंज जोन से निकलने के बाद ग्रीन जोन में 13 जिले शामिल हो गए हैं।