पटना। बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियंता की बहाली निकाली है। आयोग ने बहाली के लिए होनेवाली परीक्षा का सिलेबस भी जारी कर दिया है। सिलेबस के मुताबिक छह पेपरों की परीक्षा होंगी। जिसमें से चार पेपर अनिवार्य, जबकि दो पेपर एछिक होंगे। पहला चार पेपर अर्थात अंग्रेजी,सामान्य हिंदी, सामान्य अध्ययन और सामान्य अभियंत्रण विज्ञान के पेपर वस्तुनिष्ठ होंगे। दोनों एछिक पेपर भी वस्तुनिष्ठ ही होंगे। ये सिविल, यांत्रिक और विद्युत अभियंत्रण के लिए अलग-अलग होंगे। सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी पेपर में सिर्फ उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। इन दोनों विषय में उत्तीर्ण होने पर ही अन्य पेपर जांचे जाएंगे। सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी में न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं होता है तो अभ्यर्थिता पर विचार नहीं किया जाएगा। इन दोनों पेपर में उत्तीर्ण होने के लिए 30 अंक निर्धारित किया गया है।
255 पदों के लिए निकली है बहाली : गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक अभियंता के 255 पदों के लिए बहाली निकाली है। इसमें असैनिक वर्ग के 192, यांत्रिक वर्ग के 61 और विद्युत वर्ग के दो पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 18 मई तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
400 अंकों की होगी परीक्षा
सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी को छोड़कर परीक्षा 400 अंकों की होगी। सामान्य अध्ययन और सामान्य अभियंत्रण विज्ञान के पेपर 100-100 अंक के होंगे। एक-एक घंटा दोनों पेपर के लिए दिया जाएगा। वहीं, एछिक विषय के पेपर भी 100-100 अंकों के होंगे। इसके लिए भी एक-एक घंटा दिया जाएगा। सामान्य हिंदी व सामान्य अंग्रेजी के अनिवार्य पेपर भी 100-100 अंक के होंगे, जिसमें 30-30 अंक लाना पड़ेगा। इसके लिए भी एक-एक घंटा का समय मिलेगा। इस तरह कुल छह घंटे की परीक्षा होगी।