मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार में मंगलवार को फिर तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। सुबह में रात का नजारा दिखा। बारिश से आम, लीची, मक्के और खेतों में लगी गेहूं की फसल को भारी क्षति हुई। इस दौरान ठनका गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें समस्तीपुर के एक और सीतामढ़ी जिले के दो लोग हैं। पूर्वी चंपारण में गंडक नदी में पानी बढऩे से निचले सतह पर लगी फल व सब्जी की फसल नष्ट हो गई। समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र में कई पेड़-पौधे गिरे। मालती पंचायत में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर एक पेड़ पर गिर पड़ा। इससे पेड़ में आग लग गई।
तेज हवा के साथ होगी वर्षा
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि, पूसा ( समस्तीपुर) के मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को 10 मई तक के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अभी उत्तर बिहार में वर्षा की संभावना है। 6 मई की सुबह तक तराई के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। अन्य जिलों में 6 से 8 मई के बीच मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद तेज हवा के साथ वर्षा की संभावना में वृद्धि हो सकती है। आसमान में हल्के बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। औसतन 15 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 80 से 85 फीसद तथा दोपहर में 50 से 60 फीसद रहने की संभावना है। इस दौरान 30.6 मिमी वर्षा हो सकती है।
खेतों से जलनिकासी करें
किसानों को सुझाव दिया गया किहाल के दिनों में उत्तर बिहार में अच्छी वर्षा हुई है। इस कारण निचले खेतों में जलजमाव हो गया है। इस स्थिति में किसान खेतों से जलनिकासी की व्यवस्था करें। ताकि, उसकी जुताई -गुड़ाई हो सके।