गोला (रामगढ़). हेमतपुर में मंडा पर्व सोमवार को संपन्न हुआ। अहले सुबह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पांच शिव भक्तों ने दहकते अंगारों पर चलकर शिव भक्ति का अटूट परिचय दिया। तीन दिवसीय इस मंडा पर्व में हुप्पु के पंडित सुरेश उपाध्याय ने भक्तों को विधि विधान से पूजा अर्चना करवाई। शिव भक्तों ने वैश्विक महामारी कोरोनावायरस को जड़ से समाप्त करने की प्रार्थना की।
स्थानीय मुखिया बजरंग कुमार महथा ने बताया कि मंडा पर्व गांव में सदियों से मनाया जाता है। इसमें लोटन सेवा के अलावा संस्कृति कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता था। कोरोनावायरस कोविड 19 के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।
इसके तहत पांच लोगों को पूजा में शामिल होने की अनुमति गांव के लोगों ने दी। मौके पर राजेश कुमार महतो, अंजनी कुमार, जलेश्वर महतो, माना महथा, रोहन महथा, मंजीत कुमार, सुनील महथा, राज कुमार महथा, झरिया बेदिया, कामेश्वर महतो आदि लोग मौजूद थे।