वैशाली। पति और पत्नी के बीच घरेलू विवाद का एेसा अंत होगा ये किसी ने नहीं सोचा होगा। बिहार के वैशाली में जिले में शनिवार की रात रूह कंपा देने वाली दास्तां सामने आई है। सराय थाना क्षेत्र के मरीचा गांव में पति और पत्नी ने आपसी विवाद के बाद अपनी जीवनलीला सामाप्त करने की ठान ली। पहले पत्नी ने खुद को आग लगाकर जान दे दी फिर घटना से आहत पति फांसी के फंदे से झूल गया। एक साथ दो मौतों से पूरे गांव में मातम छा गया है। मृतक की पहचान मरीचा गांव के लक्ष्मण साह के पुत्र 38 वर्षीय रमेश साह व 35 वर्षीय सुमन देवी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सराय थाना क्षेत्र के मरीचा गांव में रमेश साह व उनकी पत्नी सुमन देवी रहती थीं। शनिवार को पत्नी सुमन की तबीयत खराब होने पर पति रमेश उनकी चिकित्कसीय जांच के लिए अस्पताल ले गया था। हॉस्पिटल से लौटने के बाद सुमन ने खाना बनाया और घर के सदस्य खाना खाकर सो गए। बताया जाता है कि देर रात करीब एक बजे पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। तैश में आकर पत्नी ने खुद को आग के हवाले कर दिया।
पत्नी की मौत से आहत पति रस्सी से झूला
हालांकि पति सहित घर के अन्य सदस्यों ने सुमन को बचाने का प्रयास किया लेकिन वो नहीं बचाई जा सकीं। पत्नी की मौत से आहत पति रमेश घर के पीछे गया और पेड़ की डाली में रस्सी बांधकर फांसी लगा आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने सराय थाने की पुलिस गांव पहुंची। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था ये अभी साफ नहीं हो सका। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।