राेहतास। बिहार के राेहतास में छह दिनों पहले अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल के एक नेता पप्पू सिंह यादव को गोली मार दी थी। गंभीर स्थिति में उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। मृतक रोहतास के डेहरी प्रखंड क्षेत्र के चकन्हा पंचायत की मुखिया पूनम देवी के पति थे। इस हत्याकांड से इलाके में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ है।
बीते शनिवार की रात मारी थी गोली
रोहतास के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के चकन्हा पंचायत की मुखिया पूनम देवी के पति पप्पू सिंह यादव को बीते शनिवार की रात लगभग 10.30 बजे अपराधियों ने जेम्स स्कूल के समीप गोली मार दी। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जमुहार ले जाया गया। स्थिति गंभीर देख उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था।
पहले से घात लगाए बैठे थे अपराधी
एएसपी संजय कुमार ने बताया कि पप्पू सिंह यादव पंचायत कार्यालय से अपने गांव चकन्हा बाइक से जा रहे थे। तभी जेम्स स्कूल के पास बने क्वारंटाइन सेंटर के बाहर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े। वे खून से लथपथ पप्पू सिंह यादव को अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान वारणसी में मौत
शुक्रवार को इलाज के दौरान पप्पू यादव की मौत हो गई। आरजेडी नेता की इस हत्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ है। अनके स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस सतर्क रहती तो इस घटना को टाला जा सकता था। हालांकि, पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर सजा दिलाने का दावा कर रही है।