नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 30 हजार 23 हो गई है। मंगलवार को गुजरात में 164, राजस्थान में 73, तमिलनाडु में 121, आंध्रप्रदेश में 82 समेत 550 से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। पंजाब में आज कोई नया केस नहीं मिला, लेकिन राज्य में संक्रमण और न फैले इसलिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दूसरे प्रदेशों से आने वालों को 21 दिन तक क्वारैंटाइन करने का फैसला लिया है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 29 हजार 435 संक्रमित हैं। इनमें से 21 हजार 632 का इलाज चल रहा है, 6868 ठीक हुए हैं और 934 की मौत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव कुमार ने शाम को बताया कि कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट 23.83 फीसदी हो गई है। 17 ऐसे जिले हैं जहां पहले केस आए थे, लेकिन पिछले 28 दिनों में यहां कोई मामले सामने नहीं आए हैं। उन्होंने बताया कि आईसीएमआर का कहना है कि कोरोना के लिए कोई थैरेपी नहीं है। ऐसे में प्लाज्मा थैरेपी को इसके लिए इलाज नहीं कहा जा सकता है। आईसीएमआर ने सिर्फ अध्ययन करने के लिए इसे शुरू किया है।
दिल्ली में राशन के लिए परेशान लोग
देश में जारी लॉकडाउन के दौरान दिल्ली के मंडावली इलाके में लोग पिछले 11 दिन से राशन के लिए जूझ रहे हैं। ये तमाम लोग गरीब हैं और राशन के लिए सरकारी दुकानों पर ही निर्भर हैं।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश में पिछले 14 दिनों में केस दोगुने होने की दर 8.7 दिन है, जबकि 7 दिन से यह 10.2 दिन है। आईसीएमआर से मंजूरी मिलने के बाद हम मई तक आरटी-पीसीआर और एंटीबॉडी टेस्ट किट बनाना शुरू कर देंगे। इनकी मदद से 31 मई से रोजाना एक लाख टेस्ट करने का लक्ष्य है।
- मुंबई में 55 साल से ज्यादा उम्र के सभी पुलिसवालों को ऐहतियातन छुट्टी पर जाने को कहा गया हैं। शहर में कोरोना से अब तक तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई है। वहीं, मुंबई में मंगलवार सुबह तक मरने वालों की कुल संख्या 219 तक पहुंच गई थी।
- तमिलनाडु में आंध्रप्रदेश की सीमा पर दो रिमोट चेकप्वाइंट्स पर अवैध रूप से एंट्री करने वालों को रोकने के लिए दीवार खड़ी कर दी। हालांकि, विवाद होने पर इसे हटा लिया गया। सिनागुंडा और पोन्नई में यह दीवार बनाई गई थी। वेल्लोर कलेक्टर एस सुंदरम ने इसकी पुष्टि की।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
25 अप्रैल | 1835 |
23 अप्रैल | 1667 |
26 अप्रैल | 1607 |
19 अप्रैल | 1580 |
27 अप्रैल | 1561 |
26 राज्य और 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 26 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 6 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
महाराष्ट्र | 8590 | 1282 | 369 |
गुजरात | 3712 | 394 | 181 |
दिल्ली | 3108 | 877 | 54 |
राजस्थान | 2335 | 744 | 51 |
मध्यप्रदेश | 2165 | 357 | 110 |
तमिलनाडु | 2058 | 1128 | 25 |
उत्तरप्रदेश | 1986 | 399 | 31 |
आंध्रप्रदेश | 1259 | 258 | 31 |
तेलंगाना | 1003 | 332 | 25 |
पश्चिम बंगाल | 697 | 109 | 20 |
जम्मू-कश्मीर | 565 | 176 | 8 |
कर्नाटक | 523 | 207 | 20 |
केरल | 486 | 359 | 4 |
पंजाब | 330 | 98 | 19 |
हरियाणा | 304 | 218 | 3 |
बिहार | 360 | 57 | 2 |
ओडिशा | 118 | 38 | 1 |
झारखंड | 104 | 17 | 3 |
उत्तराखंड | 51 | 33 | 0 |
हिमाचल प्रदेश | 40 | 22 | 2 |
असम | 38 | 27 | 1 |
छत्तीसगढ़ | 37 | 32 | 0 |
चंडीगढ़ | 56 | 17 | 0 |
अंडमान-निकोबार | 33 | 18 | 0 |
लद्दाख | 22 | 16 | 0 |
मेघालय | 12 | 0 | 1 |
पुडुचेरी | 8 | 4 | 1 |
गोवा | 7 | 7 | 0 |
मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
त्रिपुरा | 2 | 2 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
मिजोरम | 1 | 1 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 29 हजार 435 संक्रमित हैं। इनमें से 21 हजार 632 का इलाज चल रहा है, 6868 ठीक हुए हैं और 934 की मौत हुई है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 2165: इंदौर सेंट्रल जेल में 19 कैदी कोरोना पॉजिटिव मिले। इन सभी को अस्थाई जेल में शिफ्ट किया जाएगा। सोमवार को 75 नए कोरोना मरीज सामने आए थे। इंदौर में बाकी देश से ज्यादा घातक वायरस के एक्टिव होने की आशंका जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि यह वायरस चीन के वुहान में फैले वायरस जैसा ही है।

- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 1986: प्रदेश में सोमवार को 113 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दिल्ली के बाद अब यहां भी प्लाज्मा थैरेपी से कोरोना संक्रमितों का इलाज शुरू हो गया है। रविवार को लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और हॉस्पिटल में भर्ती एक डॉक्टर को प्लाज्मा थैरेपी दी गई। यह प्लाज्मा एक डॉक्टर ने ही डोनेट किया था। अब उनकी सेहत में सुधार का इंतजार है।

- महाराष्ट्र, संक्रमित- 8590: यहां सोमवार को संक्रमण के 522 केस मिले। बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ने सोमवार को बताया कि यहां कोरोना को मात देने वाले 4 मरीजों की एंटीबॉडी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब उनके प्लाज्मा का इस्तेमाल दूसरे मरीजों के इलाज में किया जाएगा।

- राजस्थान, संक्रमित- 2328: यहां मंगलवार को 66 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, 14 राज्यों में फंसे राजस्थान के श्रमिकों को लाने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार ने 19 आईएएस और आईपीएस अफसरों को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
- बिहार, संक्रमित- 346: यहां सोमवार को संक्रमण के 69 नए मामले आए। इनमें से मुंगेर में 22, रोहतास में 16, भोजपुर में 7, पटना में 6, औरंगाबाद और मधुबनी में 5-5, लखीसराय में 3, जबकि दरभंगा, सारण, नवादा, पूर्णिया और नालंदा में 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित मुंगेर जिला है। यहां अब तक 36 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं।


- दिल्ली, संक्रमित- 3108: यहां मंगलवार को नीति आयोग का एक अफसर पॉजिटिव मिला। इसके बाद दिल्ली स्थित बिल्डिंग को दो दिन के लिए सील कर दिया है। इस दौरान पूरी बिल्डिंग को सैनिटाइज किया जाएगा। दिल्ली में सोमवार को 190 मामले सामने आए थे।
