पटना। बिहार में रविवार को कोविड-19 के 26 नए मरीजों की पहचान की गई। ये सभी संक्रमित छह जिलों के हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गोपालगंज के 9, रोहतास के 6, पूर्वी चंपारण के 4, अरवल व मुंगेर के जमालपुर के 3-3 और जहानाबाद के एक शख्स के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या 251 से बढ़कर 277 हो गई। वहीं, 11 मरीज ठीक होकर घर लौट गए।
274 मरीजों में से अब तक 56 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में अब 22 जिले कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। रविवार को पहला मरीज मिलने के बाद जहानाबाद भी संक्रमित जिलों में शामिल हो गया। वहीं गोपालगंज में एक बार फिर कोरोना के प्रभाव क्षेत्र में आ गया है। पिछले कई हफ्तों से इस जिले में किसी संदिग्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई थी।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने रविवार को बताया कि गोपालगंज जिले की 50, 60 साल की दो महिलाएं और 19, 60, 30, 41, 45, 60 और 65 साल के सात पुरुष कोरोना से संक्रमित पाए गए। पूर्वी चंपारण के भी 28, 32, 50 और 54 साल के चार पुरुषों में कोविड-19 का संक्रमण पाया गया। इनमें तीन मुंबई से लौटकर आए हैं जबकि एक दिल्ली से आया है। उधर, मुंगेर के जमालपुर के सदर बाजार निवासी 12, 13 साल की किशोरी और 17 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, रोहतास में 6,17, 20 और 66 साल के चार पुरुष एवं 32 व 35 साल की दो महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। अरवल के कलेर में तीन और जहानाबाद के घोसी में एक युवक की पहचान कोरोना के मरीज के रूप में हुई है।
प्रधान सचिव ने बताया कि सभी मरीजों से उनके संपर्कों की जानकारी ली जा रही है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अबतक 17041 सैंपलों की जांच की जा चुकी है।