जमशेदपुर: घाटशिला आरपीएफ बैरक में क्वारैंटाइन आरपीएफ का एक जवान शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसकी सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार को एतिहात के तौर पर पुलिस-प्रशासन जमशेदपुर, चाईबासा, घाटशिला, सरायकेला खरसांवा में सतर्कता बरत रही है। सड़कों पर बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कई जगहों पर एतिहातन 10 बजे के बाद बाजारों को बंद करा दिया गया है। बता दें कि जमशेदपुर समेत कोल्हान प्रमंडल के अन्य जिलों में कोरोना संक्रमण का मामला अभी तक सामने नहीं आया है। लिहाजा ये ग्रीन जोन में है। ग्रीन जोन होने के कारण कुछ विशेष छूट दी गई है लेकिन प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अगर पॉजिटिव केस आता है तो सारी छूट बंद हो जाएगी।
आरपीएफ बैरक को किया गया सैनेटाइज
डीसी रविशंकर शुक्ला ने बताया कि यह पश्चिम बंगाल का मामला है। खड़गपुर में कोरोना जांच हुई, जिसमें जवान पॉजिटिव मिला। वह जवान यहां रहा था। बैरक को सैनेटाइज किया गया। जवान इस इलाके में ड्यूटी के दौरान पॉजिटिव था या नहीं यह कहा नहीं जा सकता।