नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 25 हजार के पास पहुंच गई है। महाराष्ट्र खासकर मुंबई और गुजरात में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मुंबई में पिछले 10 दिनों में दोगुना से भी ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। वहीं, गुजरात में एक दिन में 256 नए मामले सामने आए हैं और छह लोगों की जान चली गई है। अगर पूरे देश की बात करें तो एक दिन में कोरोना से 56 लोगों की जान गई है जबकि 14 सौ नए केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 779 लोगों की मौत हुई है और 24,942 लोग संक्रमित हैं। हालांकि देश में ठीक होने वाले लोगों की संख्या पांच हजार को पार कर गई है।
मुंबई में 10 दिन में बिगड़ रहे हालात
मुंबई में आंकड़ों को लेकर अधिकारियों ने बताया कि 15 अप्रैल को महानगर में संक्रमित मरीजों की संख्या 1,896 तो 24 अप्रैल तक बढ़कर 4,447 हो गई यानी 2,551 मामले बढ़े जो दोगुना से भी ज्यादा हैं। इस दौरान मरने वालों की संख्या भी 114 से बढ़कर 178 हो गई है। पुणे में हालात कुछ ठीक होते नजर आ रहे हैं और वहां मौत की दर कम हुई है। बीते 17 अप्रैल को यह दर 9.18 फीसद थी जो 24 अप्रैल को घटकर 6.5 फीसद पर आ गई। शनिवार को यवतमाल जिले में 15 और अमरावती में आठ नए मामले सामने आए। महाराष्ट्र में अब तक 96 पुलिसकर्मी भी संक्रमित हुए हैं। एक हेड कांस्टेबल की मौत भी हो गई है।
गुजरात में कहर जारी
गुजरात में कोरोना का कहर जारी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को भी 256 नए मामले सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा तीन हजार को पार कर 3,071 पर पहुंच गया है। जबकि इस महामारी से अब तक 133 लोगों की जान भी जा चुकी है।
बिहार में पांच दिन में दोगुना से भी ज्यादा मरीज
बिहार में पिछले हफ्ते तक कोरोना से स्थिति नियंत्रण में नजर आ रही थी। संक्रमितों की संख्या सौ से भी कम थी। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों में राज्य की पूरी तस्वीर बदल गई है। हालांकि, अभी भी संक्रमितों की संख्या कम है, लेकिन ट्रेंड डराने वाला है। 19 अप्रैल को राज्य में कुल 96 मामले थे, जो 25 अप्रैल को बढ़कर 228 हो गए हैं यानी दोगुना से भी ज्यादा वृद्धि हुई है। शनिवार को पांच नए मामले सामने आए।
उत्तर प्रदेश में दो हजार के करीब पहुंचा आंकड़ा
उत्तर प्रदेश के हालात में भी तेजी से बदलाव आया है। शुरू में नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ज्यादा मामले सामने आए, बाद में लखनऊ और कानपुर में मामले देखे गए और अब नेपाल के सीमावर्ती जिले कुशीनगर में एक दिन में ही 19 मामले सामने आए हैं। इनमें से एक ही परिवार के 18 सदस्य हैं। इनके परिवार के लड़के देवबंद के दारुल उलूम में बढ़ते थे और जो संक्रमित पाए गए और उनसे अन्य लोगों तक यह संक्रमण पहुंचा। इनको मिलाकर शनिवार को उत्तर प्रदेश में 157 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,778 हो गई।
मध्य प्रदेश में 103 नए केस
मध्य प्रदेश में भी और 103 नए केस सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 1,945 हो गई है। तीन लोगों की मौत भी हुई है और मरने वालों का आंकड़ा 99 पर पहुंच गया है। राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर और उज्जैन हॉटस्पॉट बने हुए हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में लगभग स्थिति नियंत्रण में है।
कर्नाटक में पांच सौ हुए संक्रमित
कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या 500 हो गई है। शनिवार को 26 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना के मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। इस थेरेपी को बहुत कारगर माना जा रहा है और इसके नतीजे भी अब तक बेहतर आए हैं। केरल में सात नए केस मिले हैं और 457 संक्रमित हो गए हैं। इनमें से ज्यादातर ठीक हो चुके हैं। आंध्र प्रदेश में और 61 मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार को पार कर 1061 पर पहुंच गया है। पुडुचेरी में भी एक मामला सामने आया है और संक्रमित चार हो गए हैं।
जम्मू-कश्मीर में पांच सौ के करीब आंकड़ा
जम्मू-कश्मीर में भी मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को 40 नए मामले सामने आए और कुल 494 संक्रमित हो गए। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है और मृतकों की संख्या छह हो गई है।
राज्य संक्रमित
महाराष्ट्र – 6,817
गुजरात – 3,071
दिल्ली – 2,514
राजस्थान – 2,034
मध्य प्रदेश – 1,945
तमिलनाडु – 1,755
उत्तर प्रदेश – 1,778
तेलंगाना – 983
आंध्र प्रदेश – 1,016
केरल – 457
कर्नाटक – 500
जम्मू-कश्मीर – 494
बंगाल – 514
पंजाब – 298
हरियाणा – 275
बिहार – 228
ओडिशा – 94
झारखंड – 60
उत्तराखंड – 48
हिमाचल प्रदेश – 41
छत्तीसगढ़ – 37
असम – 35
चंडीगढ़ – 27
अंडमान-निकोबार -22
लद्दाख – 19
मेघालय -12
गोवा – 7
पुडुचेरी – 4
मणिपुर – 2
त्रिपुरा – 2
मिजोरम – 1
नगालैंड – 1