झारखंड में अब तक 57 कोरोना संक्रमण के मरीज मिल चुके हैं। प्रसव के बाद एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रिम्स के गायनी विभाग को बंद कर दिया गया। महिला के संपर्क में आए 18 डॉक्टरों और चार नर्सों को क्वारैंटाइन किया गया है। रिम्स में प्रसव की व्यवस्था अब कैजुअल ऑपरेशन थियेटर में होगी।
दरअसल, 21 अप्रैल को लेबर पेन होने के बाद रिम्स में भर्ती महिला ने 22 अप्रैल की सुबह ऑपरेशन के जरिए बच्चे को जन्म दिया था। उसी दिन महिला का सैंपल लिया गया। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कॉन्टैक्ट हिस्ट्री के दौरान पता चला कि संक्रमित महिला की ससुराल लातेहार में है। वह एक महीने पहले हिंदपीढ़ी स्थित मायके आई थी।
सात नए संक्रमित मिले, इनमें छह हिंदपीढ़ी के:
महिला समेत राज्य में 7 और नए कोरोना संक्रमित मिले। सभी रांची के ही हैं। 6 मरीज हॉट स्पॉट बन चुके हिंदपीढ़ी के रहने वाले हैं। वहीं एक मरीज बेड़ो का रहने वाला है। नए पॉजिटिव मिलने के बाद राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 57 हो गई है। रेड जोन में शामिल हो चुके रांची में अब तक 36 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। हॉट स्पॉट बन चुके हिंदपीढ़ी में मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। वहीं बरियातू में एक और बेड़ो में दो पॉजिटिव मिले हैं। यानी कुल 57 मरीजों में 36 रांची, 10 बोकारो, 02 धनबाद, 01 देवघर, 02 गिरिडीह, 03 हजारीबाग, 02 सिमडेगा और 01 गढ़वा का मरीज शामिल है।