झारखंड में कोरोना संक्रमण फैलता ही जा रहा है। बतादें कि, अब तक रांची में राज्यभर से सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है। रांची में भी हिंदपीढ़ी से कोरोना पॉजिटिव मरीज सबसे अधिक है। राहत की बात यह भी है कि राज्यभर में अब तक 8 मरीज ठीक हाेकर वापस घर भी चले गए हैं।
रांची में संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 36
रांची में संक्रमित मरीजों की संख्या 36 हो गई है। जबकि इनमें केवल हिंदपीढ़ी से 33 मरीज हैं। वहीं, पूरे राज्य में अब तक 57 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इधर, इस क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन ने पूरी सख्ती बरकरार रखी है। किसी को भी घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी गई।
कहीं सोशल डिस्टेंस का हुआ पालन तो कहीं उल्लंघन
वहीं, शुक्रवार को भी अन्य दिनों की तरह ही रांची के कई हिस्सों में सब्जी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी। हालांकि कई जगहों पर सोशल डिस्टेंस का पालन किया गया तो कई स्थानों पर लोगों ने इसका बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा। वैश्विक महामारी कोरोना से सुरक्षा के मद्देनजर हेसालौंग में साप्ताहिक बाजार नहीं लगा। यह बाजार प्रत्येक शुक्रवार को लगता है। अब एक ही जगह विकास नगर में प्रति दिन सुबह में सब्जी बाजार लगा करेगी। यहां दुकानदार समेत खरीदार भी सोशल डिस्टेंस का पालन करते नजर आए।