पटना. बिहार में कोरोना के मरीज मिलने का नया रिकॉर्ड बना। एक दिन में 27 संक्रमित लोगों की पहचान हुई। पटना के खाजपुरा से 8, कैमूर से 8, रोहतास से 6,मुंगेर से 4, सिवान से 1 कोरोना पॉजिटिव मिले। इस तरह राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 143 से बढ़कर 170 हो गई है। प्रदेश में एक साथ 19 पॉजिटिव केस इससे पहले 9 अप्रैल को मिले थे। पटना में 25 मरीजों के साथ ही जिला रेड जोन में आ गया है। यहां दो दिनों में संक्रमित लोगों की संख्या भी डबल हो गई है। खाजपुरा में एक महिला सबसे पहले संक्रमित मिली थी, सभी उसी चेन के हैं। मुंगेर में सदर बाजार इलाके के रहने वाले चारों जमालपुर के कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। यहां संख्या 31 हो गई है।
सासाराम की संक्रमित महिला के संपर्क में आए 6 और लोग पॉजिटिव पाए गए। नए जिले कैमूर में पहले ही दिन एक साथ 8 मरीज मिले हैं। सभी चैनपुर के रहने वाले हैं और रोहतास की कोरोना संक्रमित महिला के संपर्क में आए थे। सीवान के गोरियाकोठी के 1 युवक की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। राज्य में पिछले 12 दिनों में 100 लोग कोरोना संक्रमण के दायरे में आए हैं। जबकि इससे पहले 21 दिनों में 62 कोरोना पॉजिटिव मरीज ही राज्य में मिले थे।
5 लोगों की लापरवाही से 88 लोग संक्रमित
कोरोना मरीजों के आंकड़ों से साफ है कि 5 लोगों की लापरवाही ने 88 लोगों को संक्रमित किया है। इनमें मुंगेर में दो लोग ने 22, सीवान में एक ने 23, नालंदा में एक ने 27 और पटना के एक से अभी तक 16 लोग पाॅजिटिव हो चुके हैं। कुल मरीजों में सीवान, मुंगेर व नालंदा के ही 60% संक्रमित हैं।
- पटना में संक्रमण बढ़ रहा है। यहां 25 कोरोना के पॉजिटिव केस मिले हैं। जिसमें से एक महिला की लापरवाही के कारण 16 लोग संक्रमित हुए हैं।
- मुंगेर जहां का पहला मरीज का था। उससे 13 लोग संक्रमित हुए। यही के 1 दूसरे ने 9 लोगों को संक्रमित किया है।
- रोहतास में एक के संपर्क में आने से दो लोग व कैमूर के आठ लोग संक्रमित हो चुके हैं।
- सीवान में ओमान से आए युवक के संपर्क में आने वाले 23 लाेग काेराेना की चपेट में आए।
- नालंदा में कोरोना संक्रमण के अब तक 31 मामले सामने आ चुके हैं। दुबई से आए एक शख्स की लापरवाही के कारण 27 संक्रमित हो चुके हैं। इसमें एक डॉक्टर भी है। हालांकि अब इस शख्स ने कोरोना के खिलाफ जंग जीत ली है। इसी शख्स के कारण पटना के सुल्तानगंज इलाके में भी एक व्यक्ति संक्रमित हुआ।