लंबे समय से टल रहे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मंत्रिमंडल का विस्तार थोड़ी देर में शुरू होगा। फिलहाल मंत्रिमंडल का स्वरूप छोटा रखा जा रहा है। लॉकडाउन हटने के बाद अगले महीने मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना भी जताई जा रही है।
मध्यप्रदेश में शिवराज के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के पूर्व नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के दो समर्थक मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ लेने वाले मंत्रियों में डॉ. नरोत्तम मिश्रा, कमल पटेल व मीना सिंह के अलावा सिंधिया समर्थक तुलसीराम सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत के नाम सामने आए हैं।
भोपाल स्थित राजभवन में शपथ समारोह का आयोजन सादगी के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शपथ के 29 दिन बाद उनके मंत्रियों को शपथ दिलाई जा रही है।
मालूम हो कि कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मतभेद के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद सिंधिया खेमे के 22 विधायकों ने भी कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था, जिसमें छह कैबिनेट मंत्री भी शामिल थे।
सिंधिया के बागी तेवर के चलते कमलनाथ की सरकार गिर गई थी और एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान को राज्य के सीएस की कुर्सी पर बैठ गए। कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले सिंधिया के 22 समर्थक विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मंजूरी के बाद पांच मंत्रियों को शपथ दिलाने का फैसला किया गया है। इसमें जातीय समीकरण को साधने की कोशिश भी की गई है। महिला और आदिवासी वर्ग से मीना सिंह, ओबीसी वर्ग से कमल पटेल, अनुसूचित जाति वर्ग से तुलसीराम सिलावट, सामान्य वर्ग से नरोत्तम मिश्रा और गोविंद सिंह राजपूत को प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।