कोरोना के तीन नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 17 तक पहुंच गई है। रांची, हजारीबाग और कोडरमा में कोरोना के तीन और नए मरीज मिले हैं। रांची के हिंदपीढ़ी, हजारीबाग तथा कोडरमा में एक-एक मरीज मिला है। सैंपल जांच में तीनों कोरोना पाॅजिटिव पाए गए। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी में एक और पॉजिटिव मामला मिला। इसके साथ ही रांची में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 पहुंच चुकी। जानकारी के अनुसार रांची का 8वां पॉजिटिव केस की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री पॉजिटिव परिवार के साथ थी। पॉजिटिव परिवार के सदस्यों के संपर्क में आने से संक्रमण फैला है।
बुधवार देर रात एक ही परिवार के पांच सदस्यों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद अगले दिन जिला प्रशासन व मेडिकल की टीम ने उन परिवार के संपर्क में आए 18 संदिग्ध का सैंपल लिया था। शुक्रवार को जांच किए गए सैंपल में एक और की पुष्टि हुई। इधर रांची के हिंदपीढ़ी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से पुलिस प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है, हर संक्रमित का ओरिजिन ढूंढना और उससे संक्रमित लोगों को ढूंढना मुश्किल हाे रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन मरीज के संपर्क में आने वालों लोगों को क्वारंटाइन करने में जुटा है।
कोरोना संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके के लिए जारी 72 घंटे का विशेष लॉकडाउन आज, शनिवार को समाप्त होगा। यहां कुल 8 कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद सरकार और प्रशासन की क्षेत्र पर खास नजर है। विशेष लॉकडाउन की अवधि समाप्त होने के बाद सरकार और प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।