कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए हर कोई लगा हुआ है। धनबाद जिला प्रशासन और धनबाद नगर निगम का पूरा ध्यान इस समय सिर्फ और सिर्फ कोरोना संकट पर है। दूसरी तरफ धनबाद में जल संकट बढ़ रहा है।
एक तो गर्मी ऊपर से पानी की परेशानी। शहर में पानी की किल्लत से हाहाकार मचा हुआ है। पिछले 48 घंटे से शहर की साढ़े चार लाख की आबादी पानी के लिए तरस गई। निरसा के खुदिया फाटक के पास मैथन जलापूर्ति की पाइप अत्यधिक प्रेशर के कारण शुक्रवार रात फट गई। इसकी वजह से शहर के सभी 19 जलमीनारों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। सभी जलमीनार सूखे रह गए। पेयजल विभाग गड़बड़ी ठीक करने में जुटा हुआ है, हालांकि शनिवार को भी गड़बड़ी ठीक नहीं हो सकी। इसकी वजह से जलमीनार नहीं भरा जा सका। विभाग के अनुसार रविवार को दोपहर 12 बजे तक सभी जलमीनार में आपूर्ति हो जाएगा। इस तरह धनबाद वासियों को पानी के लिए रविवार शाम तक का इंतजार करना पड़ेगा। जलापूर्ति न होने से लोग काफी परेशान रहे।