राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सीवान और गया के दो और संदिग्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सीवान का 35 वर्षीय पुरुष 21 मार्च को बहरीन से लौटा था।
सीवान में पॉजिटिव की संख्या 6 और राज्य में 31 हो गई है। गुरुवार को 5 संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी जिसमें से दो गोपालगंज, एक सारण और दो गया के हैं। गया की दो महिलाओं की कड़ी मुंगेर के मृतक से जुड़ी है। उधर, गया की एक पॉजिटिव महिला का पति भी पॉजिटिव पाया गया है। पहले राउंड की जांच में पति की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। यह मरीज 37 साल का है जो 21 को दुबई से गया लौटा था। शरणम अस्पताल की उस नर्स की कोरोना रिपोर्ट है जिसने 20 मार्च को मुंगेर के युवक का बीपी नापा था जो एम्स जाने से पहले यहां पहुंचा था। 20 साल की बैरिया की रहने वाली यह नर्स 28 मार्च से एनएमसीएच में भर्ती थी। उसकी तीसरी रिपोर्ट दो दिन पहले निगेटिव आई थी। शुक्रवार को चौथी रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। उसे कोरोना वार्ड से शिफ्ट कर अॉब्जर्वेशन वार्ड में रखा गया है। मुंगेर चेन की यह पहली मरीज है, जिसने जानलेवा वायरस से जंग जीत ली है। शनिवार काे डिस्चार्ज होगी। एनएमसीएच के अधीक्षक ने बताया कि उसकी दोनों रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। मुंगेर के युवक की मौत 21 को एम्स में हो गई थी। 22 को उसके काेरोना की रिपोर्ट जब पॉजिटिव आई तो नर्स समेत 12 स्टाफ का सैंपल 25 को लिया गया। रिपोर्ट निगेटिव आई। जब वार्ड ब्वॉय की रिपोर्ट 27 को पॉजिटिव आ गई तो फिर से इन 12 समेत शरणम अस्पताल के 44 लाेगाें का सैंपल लिया गया। 28 को जब रिपोर्ट आई तो इसमें नर्स पॉजिटिव आ गई। फिर उसे एनएमसीएच में भर्ती करा दिया गया।